Thursday, April 11, 2013

तुम्हारी बहुत सारी मुस्कुराहटें याद आती हैं...



तुम्हारी बहुत सारी मुस्कुराहटें याद आती हैं.... दफ़्तर में तुम्हारा पास से गुज़रना, ठहरकर इतना भर पूछना कि क्या हाल है.... और इतने भर से यह अहसास दिलाना कि दुनिया अभी बहुत अच्छी है, और कई साल और जिया जा सकता है.... दुनिया का वह बहुत अच्छा होना तुम्हारे साथ गया है, मेरे जीवन का वह अंश गया है, जो सिर्फ़ तुम जैसे लोगों में ही हुआ करता है... और तुम गई तो मेरा कुछ ऐसा नहीं गया जिसे किसी को बता सकूं, दिखा सकूं, लेकिन इतना गया कि मैं ये शब्द लिखते हुए रो रहा हूं, और मुझे नहीं पता कि क्या और कर सकता हूं, लेकिन यह कहने दो कि तुम जहाँ गयी हो - और मुझे यक़ीन है इसका - दुनिया वहाँ बहुत अच्छी होगी.... तुम्हारी खींची तस्वीरों के बच्चे वहाँ हँस रहे होंगे, खेल रहे होंगे, वहाँ घर अपने घर होंगे, 'जंग' एक शब्द होगा जिसका अर्थ किसी को मालूम ना होगा... वहाँ सरकारें नहीं होंगी, न ही बंदूक... 

अभी इस वक़्त, जब मैं नहीं जानता कि तुम मुझसे कितना दूर हो, मैं तुम्हें एक जंगल में ठंडे साफ़ पानी के एक झरने में नहाते हुए सोच रहा हूं.... तुम झरने से निकलकर खूब आराम करना, जी भर सोना, ख़ुश रहना, बेफ़िक्र रहना.. और जो जो पल तुम मेरे साथ यहाँ नहीं जी सकी, मैं आख़िर तक कोशिश करूँगा कि उनमें अच्छे रंग भर सकूँ... 

No comments:

Post a Comment