मैं शादी क्यूं करूं? क्या इसलिये कि सब कर रहे हैं? अगर ऐसा है तो सब धोखेबाज़ियां, जालसाज़ियां भी कर रहे हैं.... तो आज से ही शुरु कर देता हूं.... एक रिश्तेदार पिछले दिनों घर आए तो कह रहे थे “दुनिया की ज़रूरत है शादी.” मैंने कहा “दुनिया की ज़रूरत तो पट्रोल भी है, अब क्या कूंआ खोदने लगूं.” वो चिढ़कर बड़बड़ाने लगे “अरे, भई…कोई साथी तो होना चाहिये ना, पूरे सताइस के हो गए हो".... मैंने आँख मारते हुए बोला “साथी की फ़िक्र क्युं करते हैं, लड़का इतना भी अकेला नहीं है“... ये उनके सब्र की इन्तेहा थी “सारा दिमाग टीवी ने खराब किया है"
लो, मानो जब आदम-ईव ज़मीन पर आए तो भगवान् ने उन्हें शादी करके भेजा था....
मुझे याद है, बचपन में मैं बोय्ज़ स्कूल में पढता था और लड़कियों से बात करने में भी डरता था.... हालांकि मुझे टूथपेस्ट के ऐड में आने वाली एक लड़की से सच्चा प्यार हो गया था लेकिन ये बात मैंने किसी को नहीं बतायी थी... स्कूल में तो बस बास्केटबॉल और फुटबॉल खेलने वालो के बीच एक जंग सी रहती थी... वो बचपना था... अट्टारह साल की उम्र में दुनिया जीत लेने का एहसास टीन-एज का जोश था... शायद सबके साथ ही ऐसा होता हो... बचपन में ज्यादातर लड़के शादी की बात पर शर्मा जाते और कहते "मुझे शादी नहीं करनी"... उस वक़्त सब हंस देते थे, लेकिन जब छबीस साल का कोई लड़का ऐसा कहता है तो उसे पागल समझा जाता है... या सोचते हैं की इसकी कोई गर्लफ्रेंड होगी....
"तुम शादी कब करोगे?" ये सवाल हर बार एक अलग शक़्ल लिये मेरी चौखट पर घंटी बजाता है.... मुझे याद है एक अंकल आंटी जिनकी शादी 13-14 साल की उम्र में ही हो गई थी.... जब वो बड़े हुए तो आंटी बढ़कर 6 फुट की हो गयी और अंकल 5'6 के ही रह गए... ये मजेदार किस्सा सुनाकर मैंने कई बार शादी के सवालों का टॉपिक बदला है... अपने से छोटे किसी लड़के की शादी में जाना भी एक चैलेंज है.... हर जगह बगावत का झंडा बुलंद करने से अच्छा होता है, बस किसी तरह शादी के सवाल को रफ़ा-दफ़ा कर दो, जैसे किसी सहकर्मी के पूछने पर कह दो, "अच्छा रिश्ता मिलेगा तो ज़रूर कर लूँगा" या फिर “पहले इतने पैसे हो जायें कि अपना घर खरीद सकूं, तब शादी पर गौर फ़रमाया जायेगा.”
हद तो आज हुई जब मेरी एक दोस्त ने गलती से आज मेरा बर्थडे समझकर मुझे मेसेज किया और लिखा “ईश्वर से प्राथना करूंगी कि आपकी शादी जल्दी हो जाये”... मानो मुझे कोई जानलेवा बीमारी हुई हो जिसे ठीक करने के लिये दुआ की ज़रूरत हो... चार शादी याफ़्ता सलमान रुश्दी ने कहा था, लड़कियां शादी इसलिए करती हैं क्युंकि उन्हें शादी का जोड़ा पहनने का शौक होता है.... सोच रहा हूं करीना ने तो कोई खास जोड़ा नहीं पहना था... हां, लेकिन सैफ के पास अपना घर खरीदने जितने पैसे ज़रूर होंगे....
ये सवालों के भूत जिद्दी होते है ...शादी कर लूँगा तो खुशखबरी कब सुना रहे हो के सवाल के साथ चिपट जायेंगे।।।
No comments:
Post a Comment